सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम के नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह को लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में ''बुंदेलखंड रत्न'' की उपाधि से नवाज़ा गया है। सम्मान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रदान किया। इस अवसर पर लोक निर्माण राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी,बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला व महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रही।
समारोह का आयोजन गोमतीनगर लखनऊ के अंतराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में राष्ट्रकवि श्री मैथिलीशरण गुप्त संस्थान के सहयोग से बुंदेलखंड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद द्वारा किया गया था। रविवार को आयोजित उक्त समारोह में सहारनपुर के नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह सहित समाज के विभिन्न लोगों को 'बुंदेलखंड रत्न' की उपाधि से सम्मानित किया गया। परिषद के अध्यक्ष महेंन्द्र कुमार तिवारी व कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र अग्निहोत्री ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए।