सहारनपुर। सिटी ने स्कूल की छात्राओं को यातायात नियमों की दी जानकारी रेलवे कॉलोनी स्थित सोफिया गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल (इंग्लिश मीडियम) में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी ट्रेफिक अपर्णा गुप्ता, ट्रेफिक इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह, प्रोग्रेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक सुरेंद्र चौहान एवं प्रधानाचार्या सिस्टर लूसी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ट्रेफिक विनीत भटनागर ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन सुरक्षा के लिए जरूरी है।
यातायात नियमों जानकारी के आभाव व नियमों का पालन न करने के कारण सडक दुर्घटनाएं हो रही हैं, गंभीर दुर्घटना मे जान जाने का भी खतरा है । उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि जब तक ड्राइविंग लाइसेंस ना बने उन्हें दुपहिया वाहन का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वह अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ट्रेफिक अपर्णा गुप्ता ने यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ छात्राओं को जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को स्वयं को कभी भी निरीह,कमज़ोर नहीं समझना चाहिए।
वास्तविकता यह है कि महिलाएं हर प्रकार से सक्षम व सशक्त हैं और किसी भी परिस्थिति का पूरे संयम तथा साहस का सामना कर सकती हैं। लिहाज़ा, उन्हें तमाम चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने की अपील की। छात्राओं को छेड़खानी होने तथा उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा 1090 पर शिकायत करने का आह्वान किया। ट्रेफिक इंस्पेक्टर तेज प्रताप द्वारा भी छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सिस्टर लूसी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आभा सक्सैना व प्रीति गर्ग ने किया। इस अवसर पर अंशिका कुमार,श्वेता गुप्ता,निधि गुप्ता, इंद्रेश गांधी,संदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।