सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर को अपने सेवाकाल में ईमानदारी और निष्ठा से अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए गणतंत्र दिवस पर नगर निगम द्वारा नौ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।नगर निगम में आयोजित समारोह के अवसर पर निगम की ओर से महापौर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए नौ कर्मचारियों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर अभिनंदन व सम्मानित किया गया।
जिन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया उनमें कम्पयूटर ऑपरेटर इंतज़ार, विद्युत मिस्त्री मनीष, कंट्रोल रुम से आशीष सैनी व वनीश, रिकॉर्ड रुम चपरासी मेघपाल, हैड माली शकील व माली साजिद और सफाई कर्मचारी रणजीत व श्रीमती कमलेश शामिल हैं।इस अवसर पर महापौर संजीव वालिया ने कहा कि राष्ट्रीय एकता व सद्भाव हमारे संविधान की आत्मा है।
हम सब परस्पर भाईचारे को कायम रखते हुए एक श्रेष्ठ नागरिक के रुप में अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करें तभी देश शक्तिशाली बन सकेगा। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने गणतंत्र पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें ईमानदारी से अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर रहते हुए अपने संविधान और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति जागरुक रहने के लिए प्रेरित करता है। आज नगर निगम के ऐसे ही कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने सेवाकाल में अपने कार्यों को निष्ठापूर्वक सम्पादित किया है। रिपोर्ट -आरिफ अंसारी