सहारनपुर। मण्डलायुक्त संजय कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर जनमंच स्थित प्रभु की रसोई में गरीब व बेसहारा लोगों को अपने हाथों से भोजन कराया। उन्होंने कहा कि सभी नगरवासियों एवं स्वयंसेवी संगठनों गरीब लोगों को भोजन कराने के लिए इस पावन कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। नर सेवा नारायण सेवा व अन्न दान महादान के पुण्य कार्य में अपनी आहूति अवश्य डालें।
उन्होंने कहा कि प्रभु जी की रसोई में बेसहारा व्यक्तियों को प्रतिदिन 350 व्यक्तियों को भोजन कराया जाता है। प्रभु जी की रसोई ने सहारनपुर में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए तत्कालीन मण्डलायुक्त दीपक अग्रवाल को याद करते हुए कहा कि उनके माध्यम से ही प्रभु जी की रसोई की नींव रखी गयी थी। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सक्षम व संपंन है वह गरीब व्यक्तियों के भोजन व उत्थान के लिए आगे आयें।
उन्होंने इस मौके पर प्रभु जी की रसोई के सभी कमरों व रखी गयी खाद्य सामग्री एवं बनाये जा रहे भोजन की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किस महीने किस चीनी मिल से चीनी आयी है, इसका रिकार्ड रखा जाये। उन्होेंने कहा कि सहारनपुर का जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से संचालित प्रभु जी की रसोई में सभी का सहयोग अपेक्षित है।इस मौके पर मण्डलायुक्त कुमार को चंदन का हार पहनाया गया व उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दी गयी
साथ ही सभी सदस्यों की ओर से शॉल ओढ़ाकर बधाई पत्र दिया गया। मण्डलायुक्त के जन्मदिन के अवसर पर प्रभु जी की रसोई में गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी। रसोई के सचिव शीतल टण्डन ने कहा कि रसोई में गरीब एवं असहाय व्यक्तियों के लिए प्रतिदिन दोपहर के भोजन का निःशुल्क आयोजन किया जाता है। उन्होंने मंच का सफल संचालन करते हुए कहा कि रोजाना गरीबों को देशभक्ति के नारे लगवाने व भारत माता की जय लगवाने के बाद गरीबों को भोजन कराया जाता है
साथ ही गरीबों को स्वच्छ भारत का संदेश व साफ सफाई से रहने का भी आहवान किया जाता है। इस मौके पर नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, सिटी मजिस्टेªट, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जयनाथ शर्मा, विनित मित्तल, राजीव कालिया, मुरली खन्ना, अशोक मलिक, गुलशन नागपाल, विपिन सलूजा. रवि टण्डन आदि मौजूद रहे।रिपोर्ट:आरिफ अंसारी