सहारनपुर। मृत गौवंश की विधिवत् और सम्मान पूर्वक अंत्येष्टि के लिए गौ-अंत्येष्टि स्थल सहारनपुर के दिल्ली रोड पर मवीखुर्द के निकट बनाया जायेगा। संभवतः यह उत्तर प्रदेश का पहला गौ-अंत्येष्टि स्थल होगा। यह जानकारी आज यहां नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि गौ वंश की मृत्यु पर लोगों व सामाजिक संस्थाओं को इधर उधर भटकना पड़ता था, लेकिन अब मवी खुर्द में गौ-अंत्येष्टि स्थल के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। वहां वैज्ञानिक ढंग से सम्मानपूर्वक मृत गौवंश की अंत्येष्टि की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि निगम की कान्हा गौशाला में गोबर से कंडे और गमले बनाये जा रहे हैं तथा कुछ संस्थाओं से पंचगव्य व गोबर से अगरबत्ती बनाने की भी बात की जा रही है। सहारनपुर की गौशाला एक आदर्श गौशाला के रुप में जानी जायेगी।