सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेयर संजीव वालिया से फोन पर सहारनपुर के हालात की जानकारी ली और सहारनपुर में हालात नियंत्रण में होने पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने नवीन नगर सहारनपुर निवासी अपने मौसा जी के स्वास्थ्य के बारे में मेयर से जानकारी ली। मेयर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम समन्वय बनाते हुए हालात को नियंत्रित कर रहे हैं।
हॉट स्पॉट क्षेत्र लगभग चिन्हित हो चुके हैं, जो भी संक्रमित पिछले दिनों सामने आए हैं, वह उन्हीं चिन्हित क्षेत्रों से संबंधित और पहले से ही क्वारंटाइन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भी ऐसी ही जानकारी है। मुख्यमंत्री ने हालात नियंत्रण में होने पर संतोष व्यक्त किया। मेयर संजीव वालिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि नगर निगम द्वारा अनेक संस्थाओं के सहयोग से कम्युनिटी किचन चलवाई गई हैं, जिनसे भोजन प्राप्त कर 17—18 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है।
पूरे महानगर के अलावा सभी हॉट स्पॉट क्षेत्रों में विशेष रुप से सफाई और सैनेटाईजेशन कराया जा रहा है। मेयर वालिया ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि अब जीवन को सामान्य करने की ओर बढ़ना चाहिए और धीरे धीरे उन क्षेत्रों में लॉकडाउन में छूट देनी चाहिए, जिन क्षेत्रों में कोई भी संक्रमित व्यक्ति नहीं पाया गया है। मेयर वालिया के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति का आकलन करा रही है।
और समयानुसार जनहित में उचित निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवीन नगर सहारनपुर निवासी अपने मौसा राजेंद्र सिंह बिष्ट के स्वास्थ्य और उनके घर परिवार के संबंध में भी मेयर संजीव वालिया से जानकारी ली।