सहारनपुर। गोविंद नगर वार्ड नंबर 24 के रामलीला मैदान में नगर निगम के अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों का कोरोना योद्धाओं के रुप में पुष्प वर्षा, माल्यार्पण व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर सफाई कर्मचारियों को सैनेटाईजर, गलब्स एवं मास्क आदि भी वितरित किए गए। सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनके जीवन की मंगल कामना करते हुए मेयर संजीव वालिया ने कहा कि सफाई निरीक्षक, सफाई नायक एवं हमारे सफाई कर्मचारी कोरोना के असली योद्धा हैं।
जो अपनी जान जोखिम में डालकर रात दिन काम कर रहे हैं। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी के दीघार्यु होने की कामना करते हुए कहा कि सहारनपुर महानगर की सफाई व्यवस्था आज पूरे प्रदेश में सराही जा रही है और यह सब हमारे सफाई नायकों और कर्मचारियों के कारण हुआ है। पूर्व विधायक राजीव गुंबर व पार्षद पुनीत चौहान ने कहा कि एक तरफ लोग कोरोना महामारी के चलते घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं।
दूसरी ओर सफाई कर्मचारी हॉट स्पॉट क्षेत्रों और क्वारंटीन केंद्रों पर निस्वार्थ भाव से सफाई कार्य में जुटे हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उक्त सभी अतिथियों के अतिरिक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एके त्रिपाठी, मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक अमित तोमर, सफाई निरीक्षक प्रकाश चंद व सफाई नायक राजकुमार का विशेष रुप से अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में अशोक छाबड़ा, मुकेश धनकर, अजय खटाना, जसवीर मोगा, दीपक मलिक, सुभाष मलिक, नितिन वालिया, चमन लाल सब्बरवाल, आदित्य धारिया, भरत कोहली, लविश खन्ना, गुलशन शर्मा, सत्यार्थ प्रकाश, संजय गुप्ता, एसके दुआ, हरीश फुटेला, अशोक मारवाह, दीपक मारवाह, स. प्रीतपाल सिंह, राहुल चौहान, गुलशन गुंबर, क्षितिज अरोडा, रामेश्वर चौधरी आदि मौजूद रहे।