धरने को संबोधित करते यूनियन नेता
केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों का रोडवेज कर्मियों ने किया विरोध
सहारनपुर। केन्द्र व प्रदेश सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आज रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया और समस्याओं का निराकरण न होने पर बसों का चक्का जाम करने की चेतावनी भी दी गयी।
आज कोर्ट रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप में परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री राजकुमार तोमर ने बताया कि केन्द्र व यूपी सरकार जो परिवहन निगम की बसों पर काले कानून लागू कर रही है। इसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है। इसको लेकर कर्मचारियों में भी रोष बना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय राज मार्ग पर 25 प्रतिशत परिवहन विभाग बसों को कम करते हुए निजी प्राइवेट बस स्वामियों को परमिट जारी करने की जो योजना तैयार की है, उसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जायेगा। क्योंकि यह सीधे-सीधे कर्मचारियों का हनन है और जनता का भी उत्पीडन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राज मार्गो पर निजी बसों को बढ़ावा देने के कारण एक ओर जहां यात्रियों का उत्पीडन होगा, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों का भी शोषण किया जायेगा। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि कर्मचारियों व बस यात्रियों के हितों में निजी बसों के संचालन की योजना को समाप्त किया जाये। यदि सरकार ने इस योजना को समाप्त न किया, तो कर्मचारी बसों का चक्का जाम करने के लिए विवश होंगे।