रोटरी क्लब क्लासिक ने बस शेल्टर जनता को की समर्पित
सहारनपुर। रोटरी क्लब क्लासिक ने सेवा भाव की ओर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आज एक बस शेल्टर जनता को समर्पित कर समाज सेवा के कार्य करने का संकल्प दोहराया। पेपर मिल रोड निकट विश्वकर्मा चैक पर धूप व बारिश से बचाव हेतु आम जनता की सेवा के लिए रोटरी क्लब क्लासिक द्वारा बस शेल्टर का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने शेल्टर का फीता काट उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि समाज सेवा बड़ा कोई परोपकार नही है। यह जो कार्य किया गया है, वह अति सराहनीय है। रोटरी पूरे विश्व में समाज सेवा के रूप में जानी व पहचानी जाती है और सदैव ही सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने में रोटरी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए गरीब व असहाय लोगों की मदद को भी आगे आना चाहिए।
विशेषकर कोविड 19 जैसी महामारी के प्रति सतर्कता बरतते हुए और लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। इस दौरान अध्यक्ष रोटरी कर्नल संजय मिड्ढा ने निगम को शेल्टर समर्पित करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी अपने सामाजिक दायित्वों का इसी प्रकार निर्वहन कर समाज सेवा करती रहेगी। एजी रोटरी पवन अरोड़ा ने आश्वासन दिया कि क्लब निकट भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्य करेगा। कार्यक्रम में पूर्व एजी रोटेरियन संजय ढींगड़ा, मुकेश मेहता, जोधवीर बतरा, अजिन्दर पाल, संजीव मेहता, अनिल खुराना, मनीष गुप्ता, राजीव आर्य, नीरज भारती, सन्नी, जसविन्दर, अर्जुन मिड्ढा आदि मौजूद रहे।