श्री जहारवीर गोगा महाराज की प्रतिमा का पूजन करता श्रद्धालु तथा समापन पर पूजन करते छड़ी भक्त
सहारनपुर। श्री जहारवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय छड़ी मेले का आयोजन कोविड 19 की वैश्विक महामारी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन आज म्हाड़ी स्थल पर छड़ी भक्तों ने पूजा अर्चना की और इक्का दुक्का श्रद्धालु भी मत्था टेंकने पहुंचे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच अधिकांश श्रद्धालु म्हाड़ी स्थल की ओर रूख नहीं कर सकें।
कोविड 19 की वैश्विक महामारी से बचाव को सरकार की गाइड लाइन के अनुसार मानकमऊ स्थित गोगा म्हाड़ी पर श्री जहारवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय छड़ी मेले के आयोजन पर जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। जिसके चलते म्हाड़ी स्थल पर किसी भी छड़ी को प्रवेश नहीं दिया गया और न ही श्रद्धालुओं को मत्था टेंकने दिया गया।
सुरक्षा के दृष्टिगत म्हाड़ी स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया था। अम्बाला रोड ओवरब्रिज के नीचे नगर निगम के तत्वावधान में लगने वाले मेले पर भी कोविड 19 का ग्रहण लग गया और जिला प्रशासन द्वारा इसके आयोजन पर भी रोक लगा दी गयी। जिसके चलते नगर निगम को इस वर्ष करोड़ो रूपये के राजस्व की भी हानि उठानी पड़ी।
म्हाडी स्थल पर छड़ी भक्तों द्वारा गोगा जी महाराज की स्मृति में पूजा अर्चना की गयी। इक्का दुक्का लोगों ने पुलिस से बचकर मत्था टेक आशीर्वाद भी लिया और अब दो दिन पश्चात छड़ी भक्तों द्वारा कन्दूरी करने के उपरांत छडियों को उनके स्थान पर रख दिया जायेगा।