मैराथन दौड़ में प्रतिभाग करते एनसीसी कैडेट्स
सहारनपुर। फिट इंडिया अभियान के तहत 26यूपी बालिका वाहिनी एनसीसी के द्वारा 21 किमी हाफ मैराथन दौड़ में कैडेट्स पायल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केन्द्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे फिट इंडिया अभियान के तहत आज 26यूपी बालिका वाहिनी द्वारा 21 किमी हॉफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ यूनिट के सूबेदार मेजर रमेश सिंह ने किया।
बालिका कैडेट्स ने हाफ मैराथन दौड़ में एक नया इतिहास रचा। कैडेट्स पायल ने दो घंटे पांच मिनट में इस दौड़ को पूरा करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा द्वितीय स्थान पर आंचल व हिमांशी तृतीय स्थान पर रही। इस दौड़ में यूनिट के सूबेदार मेजर रमेश सिंह, हवलदार कुमार आशीष, सोहन सिंह ने भाग लिया तथा यूनिट की प्रशासनिक अधिकारी मेजर शशि मेहता अल्ट्रा रनर के मार्गदर्शन में दौड़ संपन्न हुयी।
इस दौड़ के आयोजन में पुलिस प्रशासन का योगदान भी सम्मान जनक रहा। मैराथन के लिए आईटीसी की ओर से कैडेट्स को उपहार एवं नाश्ते का प्रबंध कराया गया। भूतपूर्व खिलाड़ी भूपेन्द्र सिंह ने प्रथम पांच कैडेट्स को जूते प्रदान किए। एनआईसी कोच विकास सैनी ने भी कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।