सहारनपुर। आल इण्डिया बैंक इम्पलाइज एसोसिएशन, आल इण्डिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन एवं बैंक इम्पलाइज फैडरेशन ऑफ इण्डिया के संयुक्त आह्वान पर युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने राष्ट्र व्यापी आंदोलन के तहत प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों को जमकर कोसा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक सभी बैंक कर्मचारी सिविल लाइन शाखा पीएनबी के समक्ष एकत्रित हुए और केन्द्र सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों, कामगार श्रम विरोधी नीतियों एवं किसान विरोधी नीतियों के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। यूपी बैंक इम्पलाइन एसोसिएशन के सचिव प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि आज देश का जनमानस वर्तमान सरकार से इतना त्रस्त है कि उसको अपना दैनिक जीवन यापन करने के लिए अनेक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूरे देश के अंदर लगभग 25 करोड़ श्रमिक वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों के खिलाफ हड़ताल पर है। इसी मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों ने भी आंदोलन किया हुआ है। यूनियन अध्यक्ष राजीव कुमार जैन ने कहा कि वर्तमान सरकार की आर्थिक नीतियां आमजन के प्रतिकूल है। संसद के अंदर पूर्ण बहुमत का दुरपयोग हो रहा है। श्रम कानूनों में परिवर्तन कर श्रमिक वर्ग का उत्पीडन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बडे कारपोरेट घरानो को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
बैंकों की जमा योजनाओं पर प्रतिदिन ब्याज की दरे कम की जा रही है, जिससे कि हमारे वरिष्ठ नागरिक, छोटी बचत करने वाले आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक संजय शर्मा ने कहा कि यदि सरकार हमारी उचित मांगों की तरफ ध्यान नही देती, तो बैंक कर्मचारी एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
उन्होंने नयी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी व्यवस्था लागू किए जाने की मांग कर हड़ताल के महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक मुद्दे को प्रमुखता से बैंक कर्मचारियों के सम्मुख रखा। इस दौरान राजीव महेश्वरी, सोनू तिवारी, उपेन्द्र शर्मा, आशीष कुमार, अशोक कुमार ने भी अपने विचार रखे।
प्रदर्शनकारियों में अजय कर्णवाल, राजेश अरोड़ा, शांति स्वरूप अरोड़ा, अतुल सिंघल, वीर कुमार जैन, अतुल चैपड़ा, चन्द्र मोहन, संजीव शर्मा, ओपी शिवा, राहुल कपिल, राजकुमार शर्मा, सोहन सिंह, रोहित काम्बोज, कविता सैनी, रीना गुप्ता, प्रदीप शर्मा, नवनीत कुमार, सुरेन्द्र कुमार, संजीव कुमार, मौ.आरिफ, सचिन सैनी, सतीश कुमार छाबड़ा, गौरव सिंह, सुरेश सिंह, नावेद अली, प्रभात, अमित, विकास चैहान, देवाशीष, यशपाल सिंह, अमोल कुमार, हरिनिवास, सौरभ, दीपक कुमार, तरूण अग्रवाल आदि मौजूद रहे।