मातागढ़ के एमआरएफ सेंटर के कूड़े से निगम को हुयी दस हजार की आमदनी
सहारनपुर। नगर निगम ने कूड़े को सिक्कों की खनखनाहट में बदलना शुरु कर दिया है। एमआरएफ सेंटरों पर एकत्रित कूड़े को अलग अलग कर उसे बेचने से निगम की आमदनी शुरु हो गयी है। मातागढ़ के एमआरएफ से निगम को दस हजार रुपये से अधिक की आमदनी हुयी है।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि नगर निगम न केवल सहारनपुर को कूड़ा मुक्त कर स्वच्छता में नंबर वन पर आने का अभियान चला रहा है बल्कि कूड़े कचरे का सही निस्तारण करने के प्रयासों के तहत ही अलग अलग नौ तरह का कूड़ा छांटकर उसे बेचा जा रहा है, इससे जहां निगम की आय होने लगी है वहीं लोगों को रोजगार भी मुहैया होने लगा है।
उन्होंने बताया कि आईटीसी मिशन सुनहरा कल के तहत उमंग सुनहरा कल सेवा समिति द्वारा संचालित मातागढ़ एमआरएफ सेंटर से पुनः इस्तेमाल में आने वाले कचरे को अलग अलग करा कर बेचा गया है। जिससे 10 हजार 61रुपये की आमदनी हुई है।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि मातागढ़ पर आस पास के 5 वार्डो जिनमें वार्ड 22, वार्ड 30, वार्ड 51, वार्ड 46 व वार्ड 35 का कचरा एकत्रित कर अलग अलग किया जाता है।
उन्होंने बताया कि हर रोज निगम की 7 छोटी तथा रिक्शा के माध्यम से आधा दर्जन सफाई कर्मचारी घरों से कूड़ा उठान कर सीधे मातागढ़ एमआरएफ सेंटर पर लाते हैं। सुनहरा कल उमंग के प्रबंधक मयंक पाण्डेय ने बताया कि मातागढ़ एमआरएफ पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा 9 अलग अलग भागो में कूड़ा छाँट कर अलग किया जाता है। जिसमें गत्ता, प्लास्टिक बोतल, टीन,कांच व रबर आदि शामिल है।