मृतक के भाई लव अग्रवाल केन्द्रीय मंत्रालय स्वास्थ्य में है संयुक्त सचिव
सहारनपुर। भारत सरकार में संयुक्त सचिव स्वास्थ्य लवअग्रवाल के भाई अंकुर अग्रवाल की आज संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि गोली लगने से उनकी मौत हुयी है। मामले की जानकारी मिलते ही जहां परिजनों में कोहराम मच गया, तो वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलते ही अधिकारी व उनके परिचित जिला चिकित्सालय पहुंचे और पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
सदर बाजार कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत दिल्ली रोड स्थित ग्रीन पार्क कालोनी निवासी अंकुर अग्रवाल पुत्र केजी अग्रवाल की आज संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गयी। गौरतलब रहे कि अंकुर अग्रवाल के भाई लव अग्रवाल भारत सरकार में संयुक्त सचिव स्वास्थ्य के पद पर कार्यरत है और उनके पिता केजी अग्रवाल वरिष्ठ चार्टड एकाउंटेंट है ओर स्वयं अंकुर अग्रवाल पिलखनी में एक फैक्ट्री का संचालन करते है और आज उनकी फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।
बताया जाता है कि रोज की भांति अंकुर अग्रवाल आज फैक्ट्री पहुंचे थे और देर शाम उनका गोली लगा शव मिलने से पूरी फैक्ट्री में सनसनी फैल गयी। तत्काल ही फैक्ट्री कर्मियों द्वारा घटना की जानकारी थाना सरसावा पुलिस को दी गयी, तो सूचना पाते ही थाना सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची और इस संबंध मे आला अधिकारियों को भी जानकारी दी तथा शव को लेकर जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्रवाल परिवार में कोहराम मच गया। तत्काल ही परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे। उनके साथ-साथ आला अधिकारी व उनके परिचित भी जिला चिकित्सालय पहुंच गये। समाचार लिखे जाने तक मृतक अंकुर अग्रवाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया था, लेकिन मौत के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका।