सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी मोनिन्दर सूद बाल्मीकि ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की वार्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं को संघर्ष के बल पर निस्तारित करने का काम करेगी और कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें, जिससे कि आमजन को अधिक से अधिक पार्टी से जोडा जा सकें।
मोनिन्दर सूद बाल्मीकि आज यहां गलीरा के जवाहर पार्क में पार्टी के चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन सर्जन अभियान के तहत कार्यकर्ता आमजन को संगठन से जोडकर संगठन को मजबूत करें और वार्ड स्तर पर जाकर जन समस्याओं का समाधान कराकर संगठन को मजबूती बनाने में अपना योगदान दें, ताकि जनसमस्याओं का निस्तारण हो सकें।
महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया और सभी से कांग्रेस पार्टी संगठन के साथ जुडकर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जो भी जन समस्याएं हैं, उनको हल कराने में संगठन कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा, जिससे क्षेत्र में जनता को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इस मौके पर अनूप कुमार, नीरज कपिल, अभिषेक सैनी, जय कुमार ने भी अपने विचार रखें। संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी ने किया।