निगम ने युद्ध स्तर पर शुरु किया सैनेटाइजेशन अभियान
सहारनपुर। देश-प्रदेश में कोरोना के एक बार फिर बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम सहारनपुर ने एहतियाती पहल करते हुए बुधवार से युद्ध स्तर पर महानगर में सैनेटाइजेशन अभियान शुरु कर दिया है। अभियान की शुरुआत नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर भी मौजूद रहे।
देश में बढ़ते कोरोना के प्रकोप के साथ ही कोरोना ने सहारनपुर में भी पैर पसारना शुरु कर दिया है। नगर निगम ने इसे गंभीरता से लेते हुए जहां विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की है वहीं बाजारों में लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति पब्लिक एडे्रस सिस्टम से सजग भी किया जा रहा है। गत दिनों नगर निगम कार्यकारणी की बैठक में कोरोना के देश में लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मेयर संजीव वालिया ने महानगर में युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन के आदेश अधिकारियों को दिए थे।
यूं तो महानगर में उसी दिन से निरंतर सैनेटाइजेशन और एंटी लार्वा का छिडकाव कराया जा रहा है लेकिन बुधवार से निगम द्वारा युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान की शुरुआत की गयी। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने घंटाघर से हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। घंटाघर से निगम की गाडियों का काफिला रेलवे रोड़, गुरुद्वारा रोड़, अंबाला रोड़, मंडी समिति रोड, गोलकोठी, धोबीघाट, जवाहर पार्क, बेहट अड्डा, चकरौता रोड, नवाब गंज, पुल जोगियान, भगतसिंह मार्ग से अंबाला रोड होते हुए वापिस गैराज पहुंचा। सभी वाहनों से लोगों को लगातार कोरोना से बचाव के प्रति भी सजग किया जा रहा था।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसे देखते हुए अपने सहारनपुर महानगर को सुरक्षित रखने के लिए निगम ने कए एहतियाती पहल करते हुए आज से युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान शुरु किया है, जो लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एंटी लार्वा का भी छिडकाव कराया जा रहा है और फॉगिंग अभियान भी शुरु किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि बाजारों में लोगों को मॉस्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने के प्रति भी जागरुक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से कोरोना को लेकर शासन की गाइड लाइन का पालन करने की अपील की। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन ने बताया कि महानगर में जो भी कोरोना संक्रमित लोग सामने आ रहे है, उनके घरों व क्षेत्र में निरंतर सैनेटाईजर का छिडकाव कराया जा रहा है। हॉस्पिटल से उन्हें नये करोना पीडितों की जो सूची मिल रही है उसे शामिल करते हुए गत 26 मार्च से हर रोज सैनेटाइजेशन कराया जा रहा है।