सहारनपुर। आपसी सौहार्द और एकता के प्रतीक रंगों का पावन पर्व होली आज हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर होलिका की पूजा अर्चना करते हुए महिलाओं ने अपने बच्चों के दीर्घायु एवं सुख स्मृद्धि की कामना की।
होली पर्व को लेकर अनेक स्थानों पर कई दिन पूर्व ही तैयारियां शुरू हो गई थी। होलिका स्थल पर लकडियां डाली जाने लगी थी। ग्रामीण लोगों ने अपनी परम्परा का निर्वाह करते हुए अपने घरों से लकडियां और उपले भी दिए। वहीं शहरों में लोगों ने लकडियां खरीदकर होली लगाई। सुबह 9 बजे से ही महिलाएं हाथों में पूजा की थाली लेकर होलिका पूजन करने के लिए पहुंचने लगी थी और ये सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा।
महिलाओं ने होलिका पूजन कर बच्चों के स्वास्थ्य और दीर्घायु तथा परिवार में सुख शांति की कामना की। होली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबन्ध किये गये हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष चैकसी बरती जा रही है। इस सबके बावजूद बच्चे जमकर होली का हुडदंग मचा रहे हैं। एक-दूसरे को रंगने के साथ ही बच्चे आते-जाते लोगों पर पानी के गुब्बारे भी फेंक रहे हैं। सबसे ज्यादा पुराने शहर के गली मौहल्लों में होली की रौनक बनी है।