प्रयागराज। प्रयागराज के कनिहार गांव में मंगलवार की रात यूथ कांग्रेस के नेता मोहम्मद अकरम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे जमीनी विवाद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि बीती रात झूंसी के कनिहार नामक गांव में मोहम्मद अकरम (32 वर्ष) नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
\धवल जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल अवस्था में अकरम को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना की पृष्ठभूमि में जमीन का विवाद सामने आया है; मृतक के सगे मामा रईस, उसके पुत्र अयान और एक अन्य व्यक्ति द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक के मामा ने एक जमीन खरीदी थी जिसमें हिस्सेदारी को लेकर इन दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि इसी विवाद के क्रम में अकरम के मामा, मामा के बेटे और एक अन्य व्यक्ति ने अकरम को गोली मार दी जिससे अकरम की मृत्यु हो गई। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।