मायके वालों ने दहेज मांग पूरी न करने पर हत्या का लगाया आरोप
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्तर्गत एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और उन्होंने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए थाना कुतुबशेर पर तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सबदलपुर बितिया में प्रियंका सैनी नामक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों मंे मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले उसकी ससुराल पहुंचे और दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पूरा मामला सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव सब्दलपुर का है, जहां पर 10 दिसंबर 2020 को गांव चमनपुरा थाना गंगोह क्षेत्र की लड़की प्रियंका सैनी की शादी उसके परिजनों ने हिंदू रीति रिवाज से थाना कुतुबशेर क्षेत्र के रहने वाले पुनीत सैनी से की थी। लड़की के परिजनों ने बताया कि उनकी लड़की सरकारी टीचर थी और शादी के बाद से ही लड़की का पति व उसके परिजन उसको नौकरी के पैसों को लेकर परेशान करते थे। साथ ही साथ दहेज की मांग करते थे। शादी को मात्र 6 महीने ही हुए थे और लड़की के परिजनों को सूचना मिली कि उनकी लड़की ने फांसी लगा ली। आनन-फानन में परिजन लड़की के ससुराल पहुंचे, तो जाकर देखा कि लड़की मृत पड़ी है, जिसमें उन्होंने लड़की के ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर लड़की का गला घोट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना कुतुबशेर पुलिस ने लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लड़की पक्ष की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें 4 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।