सहारनपुर। जनपद में शिवालिक वन प्रभाग के द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में 10 लाख 86 हजार पौधारोपण किया जायेगा। रोपित पौधों को 987.686 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 98 स्थलों पर 8 लाख 26 हजार 355 पौधारोपण एवं 2 लाख 60 हजार 100 बीज बुआन सहित कुल 10 लाख 86 हजार 455 वृक्षारोपण किया जायेगा। प्रभागीय वनाधिकारी शिवालिक वन प्रभाग श्वेता सैन ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होने बताया कि अग्रिम मृदा कार्य पूर्व में पूर्ण कराया जा चुका है एवं स्थानीय स्तर पर वन क्षेत्रों से गोबर खाद एकत्र कर 1230 लीटर जीवामृत तैयार किया गया। जीवामृत का प्रयोग गडढा भरान में करते हुए 100 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है।
उन्होने कहा कि शिवालिक वन प्रभाग, सहारनपुर के अन्तर्गत कुल 6 पौधशाला स्थापित है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों की 23 लाख 67 हजार 498 पौध उपलब्ध है। 01 जुलाई 2021 से 07 जुलाई 2021 तक प्रभाग में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। श्वेता सैन ने बताया कि प्रभाग के अन्तर्गत वृक्षारोपण प्रभारी एवं अन्य अधिकारियो, कर्मचारियों को जियो टैगिंग किये जाने हेतु प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रभाग में विभिन्न प्रजाति के पौधें जैसे बरगद, पीपल, पिलखन, अर्जुन, नीम, शीशम, जामुन, आंवला, बेहडा आदि रोपित किये जायेगें। उन्होने कहा कि प्रभाग की मोहण्ड रेंज के अन्तर्गत वन विश्राम भवन में औषधीय वाटिका बनायी जायेगी।