दिल्ली रोड़ पर निगम की भूमि बना रखी थी दुकानें
सहारनपुर। नगर निगम ने तहसील लेखपालों की मदद से दो दिन तक पैमाईश करने के बाद दिल्ली रोड पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा की गयी निगम की बेशकीमती जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। कब्जा मुक्त करायी जमीन की बाजार कीमत करीब आठ करोड़ रुपये बतायी गयी है।
सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के आदेश पर नगर निगम राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों तथा तहसील के लेखपालों को साथ लेकर दिल्ली रोड स्थित मौजा मुल्लापुर मजबता खसरा नंबर 257ध्ए की लगातार दो दिन पैमाइश की गयी तो 720 वर्गमीटर भूमि नगर निगम की संपत्ति पायी गयी, जिस पर कुछ लोगों ने न केवल कब्जा कर रखा था बल्कि दो दुकान बनाकर किराये पर चढ़ा रखी थी और उनसे किराया वसूला जा रहा था।
उन्होंने बताया कि फिलहाल एक दुकान बंद थी तथा दूसरी में मौजूद किरायेदार को तुरंत दुकान खाली करने के आदेश दिए गए है। उन्होंने बताया कि उक्त कब्जा मुक्त करायी गयी भूमि पर नगर निगम संपत्ति का बोर्ड लगा दिया गया है, जल्दी ही चारदीवारी भी करा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि कब्जा मुक्त करायी गयी संपत्ति का बाजार मूल्य करीब आठ करोड़ रुपये बताया जा रहा है। राजस्व टीम मंे निगम के कर अधीक्षक विनय शर्मा, नायाब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद, लेखपाल महेन्द्र शर्मा, शिवकुमार सैनी, राममूरत यादव, अजय प्रताप व निगम के राजस्व निरीक्षक नितिन कुमार आदि शामिल रहे।