निगम के ग्रीन कोष में दान दिए गए पौधों के साथ महिला समिति की पदाधिकारी महिलाएं एवं नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह
शहर को प्रदूषण मुक्त करने को महिलाएं भी आगे आयी
अग्रवाल महिला संगम समिति ने ग्यारह सौ पौधे ग्रीन कोष में दान दिए
सहारनपुर। शहर को हरा भरा कर प्रदूषण मुक्त करने के लिए शहर की दर्जनों महिलाएं भी आज आगे आयी और उन्होंने करीब 1100 पौधे नगर निगम के ग्रीन कोष में दान देते हुए शहर को प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प लिया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह की पहल पर पौधारोपण अभियान को आंदोलन बनाने के लिए नगर निगम में स्थापित किये गए ग्रीन कोष में पौधे दान देने के लिए आज शहर की महिलाएं भी आगे आ गयी।
अग्रवाल महिला संगम समिति की अध्यक्ष ममता सिंघल के नेतृत्व में करीब दो दर्जन महिलाएं गांधी पार्क स्थित निगम के उद्यान विभाग में पहुंची और सहजन, अमलतास, गोल्ड मोहर, अमरुद, इमली, कटहल, नींबू, जामुन व आंवला आदि विभिन्न प्रजातियों के करीब 1100 पौधे ग्रीन कोष के लिए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को भेंट किए। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रुप से सांसे हो रही कम-पेड़ लगाएंगे हम, पेड़ पौधे मत करो नष्ट-सांस लेने में होगा कष्ट, पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ के स्लोगन भी दोहराए।
पौधे दान करने वाली महिलाओं में समिति अध्यक्ष ममता सिंघल द्वारा 605 पौधे, मोहिनी मित्तल, वेदांगी बंसल, मधु अग्रवाल, प्रियंका गोयल व अरुणा गोयल द्वारा 50-50 पौधे, मिथलेश अग्रवाल, वर्तिका गोयल, आरती गोयल, सारिका सिंघल, रेनू अग्रवाल, पूजा गोयल, वीना गुप्ता, गीता जिन्दल, बबीता गुप्ता व आभा मित्तल द्वारा 25-25 पौधे ग्रीन कोष में दान दिए गए। इसके अतिरिक्त फैमली आॅफ ब्लड डोनेशन ट्रस्ट की नीरु सिंह ने भी पचास पौधे दान दिए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय चेतना सेवा समिति के अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। साध्वी कविता भी मौजूद रही.
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने ग्रीन कोष में पौधे दान देने वाली महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि शहर की महिलाओं ने जिस संकल्प के साथ निगम के पौधारोपण अभियान में हिस्सेदारी की है, उस संकल्प के चलते निश्चित रुप से जल्दी ही सहारनपुर कार्बन न्यूट्रल हो जायेगा। उन्होंने समाजसेवी संगठनों, सामाजिक आध्यात्मिक संस्थाओं से भी पौधारोपण अभियान में सहभागिता कर शहर को प्रदूषण मुक्त करने का आह्वान किया।